Home » भूसे से भरे ट्रक का कहर: महिला को 25 मीटर तक घसीटा, शरीर के उड़े चिथड़े, मौके पर मौत
छत्तीसगढ़

भूसे से भरे ट्रक का कहर: महिला को 25 मीटर तक घसीटा, शरीर के उड़े चिथड़े, मौके पर मौत

चालक गंभीर

बिलासपुर। सकरी थाना क्षे़त्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहलाने वाला सड़क हादसा हुआ है। कोपरा जलाशय के पास भूसे से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। बाइक में सवार 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला ट्रक और बाइक के बीच फंस गई। महिला करीब 25 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की भयावहता देख आसपास मौजूद लोगों की रूह कांप उठी।

सकरी थाना प्रभारी उमेश साहू ने बताया कि मुंगेली जिले के लोहाराकापा गांव निवासी पुनौतीन यादव (63) एक व्यक्ति के साथ बाइक से बिलासपुर की ओर आ रही थीं। दोनों कोपरा जलाशय के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे भूसे से भरे ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला बाइक सहित ट्रक के पहियों के नीचे फंस गई और करीब 25 मीटर तक घिसटती रही। हादसे में महिला की कमर के नीचे का हिस्सा बुरी तरह कुचल गया तथा उसका एक पैर शरीर से अलग हो गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटनाकारित ट्रक को जब्त कर लिया गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस चालक से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Search