Home » प्राइवेट फोटो वायरल करने की धमकी: युवक ने खाया जहर, महिला ब्लैकमेलर गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

प्राइवेट फोटो वायरल करने की धमकी: युवक ने खाया जहर, महिला ब्लैकमेलर गिरफ्तार

लगातार कर रही थी पैसों की डिमांड

जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक निजी तस्वीर वायरल करने की धमकी से इतना परेशान हो गया कि उसने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास कर लिया। मामले में अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजनांदगांव से महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार पीड़ित युवक और आरोपी महिला एक दूसरे को पहले से जानते थे। करीब 12 से 15 दिन पहले महिला ने युवक के निजी और आपत्तिजनक फोटो उसके मोबाइल तथा परिजनों के मोबाईल नंबरों पर भेजना शुरू किया। इसके बाद उसने फोटो सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग की। लगातार हो रही ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवक ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। घटना के बाद युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां वह पिछले सात दिनों से उपचाराधीन है। उसकी स्थिति अभी भी चिंताजनक बताई जा रही है।

पीड़ित की शिकायत पर अकलतरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 314/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 308-2 तथा आईटी एक्ट की धारा 67 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान व्हाटसएप चैट, मोबाईल संदेश और अन्य डिजिटल साक्ष्य सामने आए, जिन्होंने ब्लैकमेलिंग की पुष्टि की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार के निर्देशन में गठित टीम ने राजनांदगांव पहुंचकर महिला आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से मोबाईल फोन भी जप्त किया गया है, जिसमें महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी महिला को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, उपनिरीक्षक विनोद जटवार, प्रशिक्षु निरीक्षक दिव्या कुर्रे तथा आरक्षक राजा रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

Search

Archives