बिलासपुर। न्यायधानी में लगातार सक्रिय चेन स्नेचर्स पर आखिरकार पुलिस ने शिकंज कस दिया है। सिविल लाइन थाना और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त कार्रवाई में दो ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो अपने शिकार का पीछा कर सुनसान या कमजोर मौके की तलाश में वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को शत प्रतिशत मशरूका सहित दबोचा है। मामला 23 मार्च की रात का है। वैष्णवी विहार मंगला निवासी शोभना भांडेकर अपने भाई दिपांशु भांडेकर के साथ रेलवे स्टेशन से स्कूटी पर घर लौट रही थी। रामा पोर्ट के पास स्कूटी पंचर हो जाने के कारण दोनों धीरे धीरे पल्लव भवन के सामने पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक डिवाइडर पार कर रांग साइड से आया और शोभना के गले से करीब 1 लाख 10 हजार रूपये कीमती सोने का चेन और लॉकेट झपटकर सड़क पार खड़े अपने साथी की बाइक पर बैठकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर पुलिस हरकत में आई।
पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर संयुक्त टीम गठित की गई। घटना स्थल से लेकर शहर के 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज और साइबर सेल की तकनीकी मदद से संदिग्धों की पहचान हुई और देवरीखुर्द व तारबाहर क्षेत्र मे घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख सलमान 27 वर्ष निवासी तारबाहर और आकाश उर्फ आशु नायक 23 वर्ष निवासी देवरीखुर्द के रूप में हुई। पूछताछ में दोनो ने वारदात कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने रामा पोर्ट के पास ही पीड़ित को टारगेट बना लिया था। पहले ऑटो से पीछा किया फिर मौका देखकर बाइक से रांग साइड पहुंचकर झपटमारी की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक, ऑटो, 5 हजार रूपए नगद और लूटी गई सोने की चेन, लॉकेट बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चेन को आईआईएफ गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखकर 50 हजार रूपए का लोन ले चुके थे। पुलिस ने पूरे मामले में शत प्रतिशत बरामदगी कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।







