दंतेवाड़ा। कटेकल्याण में पदस्थ महिला तहसीलदार की शासकीय वाहन तेज रफ्तार के कारण अंबेडकर पार्क के पास सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गई। हालांकि इस दौरान तहसीलदार कार में सवार नहीं थीं। वाहन चालक और प्यून जो नशे की हालत में पाए गए, ने शराब पीकर गाड़ी चलाने की बात स्वीकार की है।
घटना सोमवार रात की बताई जा रही है, जब एक तेज रफ्तार वाहन अंबेडकर पार्क के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। आसपास के लोगों की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो उन्होंने पाया कि वाहन पर तहसीलदार का स्टीकर लगा हुआ था। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें तहसीलदार आशा मौर्य के बजाय वाहन चालक और एक प्यून सवार मिले।
पूछताछ के दौरान प्यून ने बताया कि तहसीलदार आशा मौर्य किसी अन्य वाहन से चली गई थीं, जबकि वे और चालक बस स्टैंड के पास महुआ शराब का सेवन किया। शराब के नशे में होने के कारण चालक का गाड़ी पर से नियंत्रण हट गया और यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।







