Home » आत्महत्या या हादसा : तीसरी मंजिल से गिरे युवक की मौत, युवती की हालत गंभीर
छत्तीसगढ़

आत्महत्या या हादसा : तीसरी मंजिल से गिरे युवक की मौत, युवती की हालत गंभीर

बिलासपुर। शहर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत तिफरा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज और संदिग्ध घटना सामने आई है। जहां ईडब्ल्यूएस बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से युवक और युवती नीचे आ गिरे। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस दर्दनाक घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार अभिलाषा परिसर स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की छत से दोनों के नीचे गिरने की घटना हुई है। बताया जा रहा है कि घटना अचानक हुई। आसपास के लोग सकते में आ गए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों ने आत्महत्या के उद्देश्य से छलांग लगाई या फिर किसी हादसे का शिकार हुए। मृतक युवक की पहचान चिरंजीवी पांडे उर्फ चिंटू 27 वर्ष के रूप में हुई है। जो एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। वह मूल रूप से बिहार का निवासी बताया जा रहा है। जबकि उसके परिजन टाटानगर में निवास करते हैं। वहीं घायल युवती का नाम महिमा श्री बताया जा रहा है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को सूचना दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओ आत्महत्या, हादसा या अन्य कारणों की बारीकी से जांच कर रही है। पिफलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं व्याप्त है।

Search

Archives