बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में घर में घुसकर लाखों के जेवरात चोरी करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में एक युवक समेत मणप्पुरम फाइनेंस के मैनेजर को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गला हुआ सोना बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार राजेन्द्र नगर निवासी प्रशांत कुमार मिश्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 जून 2025 को अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर आलमारी से लगभग 40 ग्राम सोने के चार कंगन और एक लाख रूपए नगद चोरी कर लिए थे। मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर ग्राम लोफदी निवासी 19 वर्षीय दीपक पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए सोने के कंगन को मणप्पुरम फाइनेंस में गिरवी रखकर लोन लिया था। जांच के दौरान चौकाने वाला खुलासा हुआ कि फाइनेंस कंपनी के मैनेजर आजम बेग को सोने की चोरी होने की जानकारी थी, इसके बावजूद उसने उसे गलाकर ठिकाने लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए करीब 40 ग्राम गला हुआ सोना, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रूपए आंकी गई है, जप्त कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 14 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।







