Home » गरियाबंद में दर्दनाक हादसा! लटकते बिजली तार की चपेट में आया बाइक सवार, जिंदा जलकर मौत
छत्तीसगढ़

गरियाबंद में दर्दनाक हादसा! लटकते बिजली तार की चपेट में आया बाइक सवार, जिंदा जलकर मौत

बिजली विभाग पर उठे सवाल

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में शुक्रवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। सड़क किनारे खंबे से टूटकर लटक रहे 11केवी बिजली तार की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक जिंदा जल गया। हादसा इतना भयावह था कि युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और कुछ ही पलों में उसकी बाइक आग के गोले में बदल गई।

तेंदूपत्ता लेकर लौट रहा था युवक

जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान यशवंत ध्रुव (37) के रूप में हुई है, जो दसपुर गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह जंगल से तेंदूपत्ता लेकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान दसपुर बांध के पास उसकी गर्दन सड़क पर लटक रहे 11केवी सप्लाई लाइन के तार में फंस गई।

करंट से उठी आग की लपटों में घिरा युवक

प्रत्यक्षदर्शियोें के अनुसार तार में करंट दौड़ रहा था। संपर्क होते ही तेज चिंगारी और आग की लपटें उठीं, जिसने बाइक और युवक दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना अचानक हुआ कि युवक को बचने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

इलाके में मचा हड़कंप

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी ओमप्रकाश यादव ने बताया कि मौके पर पंचनामा कार्रवाई की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि हादसे के पीछे किसकी लापरवाही जिम्मेदार है।

बिजली विभाग पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर टूटे हुए बिजली तार को समय रहते हटाया जाता तो एक युवक की जान बच सकती थी।

Search