कोटा। मायके में रह रही पत्नी को पति लेने पहुंचा था। इंकार करने पर गुस्से में कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। पति उसे मरा समझकर मौके से फरार हो गया। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम मझगांव में सुबह 5.30 बजे पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी पत्नी को मरा समझकर फरार हो गया। आनन फानन में परिजनों ने उसे गंभीर हालत में कोटा हास्पिटल पहुंचाया। जहां से सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया। जहां उसका उपचार जारी है। गौरतलब है कि निर्मला यादव 50 वर्ष अपने पति की प्रताड़ना से त्रस्त होकर अपने मायके में आकर रह रही थी। उसका पति रामनारायण यादव बार बार साथ चलने की जिद कर रहा था। लेकिन पत्नी निर्मला इंकार कर रही थी। शनिवार की सुबह जब पत्नी निर्मला सुबह 5.30 बजे के करीब घर से बाहर निकली तो पहले से घात लगाकर बैठे आरोपी पति रामनारायण ने कुल्हाड़ी से उस पर ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया। निर्मला के सिर और गर्दन में गहरी चोट आने से वह जमीन पर गिर पड़ी। उसे मरा समझकर पति मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे कोटा अस्पताल ले गए। जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे सिम्स बिलासपुर भेज दिया गया। जहां उपचार जारी है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है।







