Home » रायपुर के गोल्ड जिम में भीषण आग! राहगीरों ने दी सूचना, बड़ा हादसा टला
छत्तीसगढ़

रायपुर के गोल्ड जिम में भीषण आग! राहगीरों ने दी सूचना, बड़ा हादसा टला

लाखों का नुकसान

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र में स्थित गोल्ड जिम में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई, जिससे जिम में रखा सारा उपकरण और सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि इस आगजनी की घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन जिम मालिक को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।

सुबह तड़के उठी लपटें

घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है, जहाँ तेलीबांधा तालाब के पास स्थित गोल्ड जिम से आज सुबह राहगीरों ने धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक आग भीषण रूप ले चुकी थी।

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू

फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकलकर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि जिम आमतौर पर सुबह जल्दी खुल जाता है और उस समय कई लोग वर्कआउट के लिए मौजूद रहते हैं। सौभाग्य से आग जिम खुलने से पहले लगी, जिससे किसी भी व्यक्ति को नुकसान नहीं हुआ।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी

तेलीबांधा पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आगजनी की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है, हालांकि अंतिम पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही की जा सकेगी। पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

महंगे उपकरण पूरी तरह जलकर खाक

बता दें कि गोल्ड जिम रायपुर के सबसे बड़े जिमों में से एक माना जाता है। यहां सैकड़ों लोग नियमित रूप से एक्सरसाइज और फिटनेस के लिए आते हैं। आग लगने से जिम में रखे महंगे उपकरण, कार्डियो मशीनें, वेट सेट्स और इंटीरियर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं।

कोई हताहत नहीं

हालांकि इस घटना में जानमाल की कोई हानि नहीं हुई, लेकिन अगर आग कुछ देर बाद लगती, जब जिम खुल चुका होता, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस और प्रशासन सतर्कता के साथ जांच में जुटे हैं।

Search