ज्वेलरी दुकान संचालक ने सीसीटीवी फुटेज से पकड़ी चोरी
बिलासपुर। बिल्हा गांधी चौक स्थित एक ज्वेलरी दुकान से सोने चांदी के आभूषण चोरी करने के आरोप में पुलिस ने चार महिलाओं के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
प्रार्थी मनोहर जायसवाल ने थाना बिल्हा में शिकायत दर्ज कराई है कि संजना साहू, सरस्वती साहू, अनिता साहू और सीमा साहू नाम की महिलाएं उसकी दुकान पर पिछले दो तीन साल से ग्राहक बनकर आ रही थी। वे पहले आभूषण खरीदने का नाटक करती और नजर बचाकर जेवरों की चोरी कर लेती थीं। प्रार्थी ने बताया कि इन महिलाओं की हरकतें दुकान और घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दिनांक 23 मार्च और 2 अप्रैल 2025 की फुटेज में महिलाएुं 38 ग्राम सोना और करीब 1.5 किलो चांदी चुराते हुए नजर आई। आशंका जताई जा रही है कि पिछले दो तीन वर्षो में ये महिलाएं करीब 300 ग्राम सोना चोरी कर चुकी हैं। महिलाएं अक्सर एक स्वीफ्ट कार में आती थी। जिसे दुकान से कुछ दूर खड़ा करती थी। फुटेज और आवेदन के आधार पर थाना बिल्हा पुलिस ने आरोपी महिलाओं के खिलाफ भासं संहिता की धारा 305 और 3-5 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।







