बलरामपुर। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में बारियों चौकी के सीधमा कल्याणपुर रोड में दो बाईक की आमने सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दो युवकों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। सभी को जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया था। एक युवक ने रास्ते में दम तोड़ दिया, दूसरे का उपचार जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बारियों चौकी क्षेत्र में सीधमा कल्याणपुर रोड में दो तेज रफ्तार बाईक की आमने सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना गुरूवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तुलसी अगरिया पिता रसिया 32 वर्ष निवासी मधनेश्वरपुर और आनंद भुइयां पिता शालीम 19 वर्ष निवासी सीधमा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लालाबाबू पिता शिवभजन 30 वर्ष निवासी भेड़िया रेवती चौकी और कृष्णा पिता राजेश खलखो 17 वर्ष निवासी मधनेश्वरपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से दोनों की स्थिति गंभीर देख मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। लालाबाबू ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं कृष्णा का उपचार जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।







