बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में एटीएम पर मदद का झांसा देकर एक व्यक्ति से 40 हजार की सायबर ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपी ने पहले एटीएम का पिन देख लिया, फिर बड़ी ही चालाकी से कार्ड बदल दिया और कुछ ही मिनटों में खाते से चार बार में 40 हजार रूपए निकाल लिए। मामले में सकरी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी जगदीश प्रसाद राठौर निवासी ग्राम परसदा भरनी केंद्रीय रेशम बोर्ड परसदा में कार्यरत है। उन्होंने बताया कि 4 अगस्त को दोपहर करीब 1.30 बजे वह सकरी बाजार चौक स्थित एसबीआई एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे। उस समय एटीएम के अंदर पहले से मौजूद 30-35 वर्षीय एक अज्ञात युवक ने उन्हें दोबारा कार्ड डालने और पिन दर्ज करने की सलाह दी। इसी दौरान आरोपी ने उनके पिन को देख लिया और मौका पाकर एटीएम कार्ड भी बदल दिया। कुछ देर बाद जब जगदीश गनियारी स्थित सेंट्रल बैंक के एटीएम पहुंचे तो उनका कार्ड काम नहीं कर रहा था। तभी उनक मोबाईल पर खाते से 10 हजार रूपए निकाले जाने का संदेश आया। इसके बाद लगातार चार ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 40 हजार रूपए निकाल लिए गए। घटना की जानकारी मिलते ही वह तत्काल बैंक पहुंचे और अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया। पीड़ित की लिखित शिकायत पर सकरी पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस एटीएम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।







