Home » पांच किशोरों के शव गांव पहुंचते ही मच गया कोहराम, नहाने के दौरान डूबने से हुई मौत
बिहार

पांच किशोरों के शव गांव पहुंचते ही मच गया कोहराम, नहाने के दौरान डूबने से हुई मौत

मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर के कटरा प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को हुई हृदयविदारक घटना के बाद मंगलवार को पोस्टमार्टम के उपरांत पांचों किशोरों के शव गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजनों की चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सरकारी मुआवजा देने का ऐलान किया है। अंचल अधिकारी को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत आगे की कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।

यह घटना कटरा प्रखंड के खंगुरा बंधपुरा पंचायत के गोरधोवा पुल के पास स्थित लीची गाछी के पोखर की है। जानकारी के अनुसार सभी किशोर नहाने के लिए पानी में उतरे थे। इस दौरान एक किशोर डूबने लगा। उसे बचाने के लिए अन्य साथी भी पानी में कूद गए, लेकिन सभी डूब गए। काफी देर तक जब वे घर नहीं लौटे तो ग्रामीण उन्हें खोजने पहुंचे। पोखर के किनारे उनके चप्पल मिलने पर शक हुआ। तुरंत गोताखोरों को बुलाकर सभी को बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान खंगुराडीह गांव के मो. अनस (15 वर्ष) पिता मो. शहजाद, मो. हिदायतुल्ला (14 वर्ष) पिता मो. रेयाज, मो. हमजा अली (12 वर्ष) पिता मो. कल्लू उर्फ मुस्तफा, मो. रहमान (12 वर्ष) पिता मो. अफताब आलम और अब्बू तालीम (12 वर्ष) माता नर्गिस प्रवीण के रूप में हुई है। घटना के बाद से उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

जिला अधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मृतकों के परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग के नियम के तहत प्रति परिवार चार-चार लाख रुपये मुआवजा दिया जा रहा है। डीएम ने लोगों से अपील की कि बच्चों को बिना तैराक के नदी, तालाब या जलभराव वाले क्षेत्र में न जाने दें। सावधानी बरतकर ऐसी घटनाओं की संभावना को कम किया जा सकता है।

Search

Archives