पेंशन के 1100 रुपये निकालने पहुंचे थे बैंक
गयाजी। बिहार के गया जिले में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक साधारण ई-रिक्शा चालक रातों-रात कागजों पर अरबपति बन गया। डेल्हा थाना क्षेत्र के बागेश्वरी मोहल्ले के रहने वाले बुजुर्ग शिव कुमार पटेल हर महीने मिलने वाली अपनी ₹1,100 की वृद्धा पेंशन लेने के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) पहुंचे थे। उन्होंने आधार के जरिए ₹1,000 की निकासी की, लेकिन इसके ठीक बाद उनके मोबाइल पर आए एक मैसेज ने उनके होश उड़ा दिए।
बैलेंस देखते ही उड़ गए होश
पैसे निकालने के बाद शिव कुमार के मोबाइल पर जो बैलेंस का मैसेज आया, उसमें उनकी बची हुई कुल राशि ₹7,59,69,51,951.16 (करीब 759 करोड़ रुपये) दिखाई दे रही थी। इतनी बड़ी रकम देखकर बुजुर्ग बुरी तरह घबरा गए। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई और लोग कहने लगे कि ई-रिक्शा चालक अब अरबपति बन गया है।
शिव कुमार ने कहा – “मैं तो सिर्फ अपनी पेंशन के पैसे निकालने गया था। मोबाइल पर इतना लंबा चौड़ा आंकड़ा देखकर मैं चौंक गया और डर गया कि कहीं मेरे साथ कोई अनहोनी न हो जाए।”
बैंक मैनेजर की सलाह: ‘खाते से न करें कोई छेड़छाड़’
घबराए शिव कुमार तुरंत अपने एक पड़ोसी को साथ लेकर स्टेशन रोड स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यालय पहुंचे और शाखा प्रबंधक (ब्रांच मैनेजर) को पूरी बात बताई। चूंकि मामला शनिवार और रविवार का था, इसलिए बैंक बंद होने के कारण तत्काल जांच नहीं हो सकी।
बैंक प्रबंधक ने शिव कुमार को सुरक्षा के लिहाज से सख्त सलाह दी है कि वे सोमवार को पूरे मामले की जांच होने तक खाते से किसी भी तरह का लेन-देन (ट्रांजैक्शन) न करें। मोबाइल बैंकिंग या किसी भी बैंकिंग ऐप से छेड़छाड़ न करें।
साइबर सेल की टीम जांच में जुटी
सोमवार को बैंक खुलते ही इस खाते के ट्रांजैक्शन की पूरी डिटेल निकाली जाएगी, जिसके बाद ही साफ हो पाएगा कि यह कोई तकनीकी गड़बड़ी है या कोई अन्य वजह। दूसरी ओर, मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर डीएसपी रहमान दानिश ने बताया कि डेल्हा थाना क्षेत्र के इस मामले की जानकारी पुलिस को मिल चुकी है और साइबर सेल की टीम गहराई से इसकी जांच कर रही है।







