जहानाबाद। जिले में दुष्कर्म का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। 14 वर्षीय एक लड़की को युवक ने प्रेम जाल में फंसाकर उसके साथ एक माह तक दुष्कर्म किया। लड़की वहां से भागकर बाहर निकली तो एक युवक मदद के बहाने साथ ले गया और मध्य प्रदेश के मानव तस्करों के हाथ डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया। पुलिस ने लड़की को मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से बरामद कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस नाबालिग की तलाश में जुटी हुई थी। लड़की ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसका करीबी दोस्त उसे धोखा देकर ले गया और एक महीने तक अपने पास रखा। इस बीच उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारपीट करता था। इस दौरान उसके मन में आत्महत्या का भी ख्याल आया। उसे एक होटल में रखा गया था। मौका मिलते ही लड़की होटल से भाग निकली। भागने के बाद उसकी मुलाकात मध्य प्रदेश के एक व्यक्ति से हुई। मदद के बहाने वह उसे साथ ले गया और 26 वर्षीय एक अन्य व्यक्ति के हाथ डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया। उसी दिन जबरन शादी भी करा दी। इसके बाद उसका कथित पति मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में अपने घर ले गया, जहां रात में उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। दिन में बेरहमी से पीटता था। इधर, पुलिस लापता लड़की की तलाश कर रही थी। बीबीए की टीम भी पुलिस के संपर्क में थी।
बीबीए बाल विवाह मुक्त भारत गठबंधन का हिस्सा है, जो बच्चों को ऐसी दुर्दशा और स्थितियों से बचाने के लिए काम करता है। आखिरकार पुलिस को सफलता मिल गई। पुलिस ने उस युवक को दबोचा, जिसने नाबालिग को बेचा था। उसे अरवल से गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से नाबालिग का मोबाइल फोन बरामद हुआ। साथ ही युवक के मोबाइल में एक बैंक खाते से एक लाख रुपये और दूसरे खाते से 50 हजार रुपये के लेनदेन का रिकार्ड मिला, जिसके आधार पर पुलिस मध्य प्रदेश में पीड़िता तक पहुंच गई और उसे बरामद कर लिया। पीड़िता के कथित पति को भी गिरफ्तार कर लिया गया। छापेमारी टीम में बिहार पुलिस, मध्य प्रदेश पुलिस और बीबीए के सदस्य शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि पीड़िता को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया जाएगा, जिसके बाद उसकी काउंसलिंग की जाएगी। बीबीए के निदेशक मनीष शर्मा ने कहा कि यह एक खतरनाक सच्चाई है कि ऐसी कई लड़कियों की शादी की आड़ में तस्करी की जाती है।







