Home » बड़ी सफलता : अमृतसर से पकड़ा गया अंतरराज्यीय हेरोइन का मुख्य सप्लायर
छत्तीसगढ़ • बिलासपुर

बड़ी सफलता : अमृतसर से पकड़ा गया अंतरराज्यीय हेरोइन का मुख्य सप्लायर

बिलासपुर।  बिलासपुर पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में ए.सी.सी.यू. बिलासपुर और थाना सकरी की संयुक्त टीम ने तकनीकी इनपुट और मुस्तैदी के बल पर पंजाब के अमृतसर से हेरोइन (चिट्टा) के एक बड़े अंतरराज्यीय मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

थाना सकरी क्षेत्र में पहले पकड़ा गया था ड्रग पेडलर : करीब एक सप्ताह पूर्व (दिनांक 24.10.2026) को बिलासपुर पुलिस टीम ने उसलापुर बाजार के पास से आरोपी दीपक वालिया 32 वर्ष, निवासी अमृतसर, हाल मुकाम उसलापुर बिलासपुर  को रंगे हाथों पकड़ा था। उसके पास से 11.73 ग्राम हेरोइन (कीमत करीब ₹2,50,000) और ₹10,500 नगद जब्त किए गए थे। उसके खिलाफ थाना सकरी में नारकोटिक्स एक्ट (NDPS Act) की धारा 21, 22, 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था।  गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

आरोपी से पूछताछ और तकनीकी इनपुट से खुला राज : पकड़े गए ड्रग पेडलर (नशीले पदार्थों का विक्रेता) दीपक वालिया से कड़ाई से पूछताछ और बिलासपुर साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर यह खुलासा हुआ कि बिलासपुर में खपाए जा रहे इस नशे का मुख्य तार अमृतसर के मुख्य सप्लायर रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू से जुड़ा हुआ है।

पंजाब में दबिश देकर की गई गिरफ्तारी- एसएसपी  रजनेश सिंह के निर्देश पर ए.सी.सी.यू. बिलासपुर और थाना सकरी की एक विशेष टीम अमृतसर (पंजाब) रवाना की गई। वहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर मुख्य सप्लायर रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू को धर-दबोचा गया, जिसे बिलासपुर लाया गया है। आरोपी के खिलाफ थाना सकरी में NDPS एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के व्यापार में संलिप्त सभी आरोपियों के खिलाफ ‘एंड-टू-एंड’ (शुरुआत से अंत तक) विवेचना कर पूरी चेन को ध्वस्त किया जाएगा और सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।