Home » जलती चिता के साथ छेड़छाड़ और तंत्र साधना करने के आरोप में अघोरी की पिटाई, सिम्स दाखिल
बिलासपुर

जलती चिता के साथ छेड़छाड़ और तंत्र साधना करने के आरोप में अघोरी की पिटाई, सिम्स दाखिल

बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र में श्मशान घाट पर एक महिला की जलती चिता के साथ छेड़छाड़ और तंत्र साधना करने के आरोप में एक अघोरी की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कुछ लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर पिटाई से गंभीर रूप से घायल अघोरी को इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है।

वायरल वीडियो में कुछ लोग अघोरी को जमीन पर घसीटते, उनके बाल पकड़कर खींचते और लात-घूंसों से पीटते नजर आ रहे हैं। मारपीट के दौरान अघोरी के मुंह से खून निकलता भी दिखाई दे रहा है। जानकारी के अनुसार अनिता यादव नामक महिला ने दो दिन पहले आत्महत्या कर ली थी। उसी दिन शाम को परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार श्मशान घाट में किया था। परिजनों का आरोप है कि अंतिम संस्कार के बाद शिवराम बाबा श्मशान घाट पहुंचे और महिला की जलती चिता के साथ छेड़छाड़ करते हुए तंत्र साधना करने लगे।
पति सहित दर्जनभर लोगों पर मारपीट का आरोप
महिला के परिजनों का दावा है कि चिता से हड्डियां गायब हैं। इसकी जानकारी मिलने पर मृतका के परिजन और स्थानीय निवासी बेहद नाराज हो गए। आरोप है कि मृतका के पति गुड्डा उर्फ राजकुमार यादव समेत कुछ  लोगों ने शिवराम बाबा को घेर लिया और उनके साथ जमकर मारपीट की।

मामला दर्ज
वहीं पुलिस इस पूरी घटना को आपसी रंजिश से जुड़ा मामला बता रही है। पुलिस के मुताबिक घटना के संबंध में कुछ लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल सिम्स अस्पताल में घायल शिवराम बाबा का इलाज चल रहा है।