कोरबा/बांकीमोंगरा। एसईसीएल बांकी 4 नंबर खदान में सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाकर लोहे के सामान व पाइप लूटने के मामले में बांकीमोंगरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
दिनांक 28.10.2026 को एसईसीएल सुरक्षा गार्ड व्यासनारायण चौहान द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, 26-27 अक्टूबर 2026 की दरम्यानी रात करीब 1:00 बजे 10 से 12 अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एसईसीएल खदान परिसर में धावा बोला। आरोपियों ने ड्यूटी पर तैनात चौकीदारों को बंधक बना लिया तथा मोबाइल फोन छीन लिए। इसके बाद गैस कटर की मदद से स्टोर में रखे लोहे के रैक व एसईसीएल संपदा पाइप (कीमती लगभग ₹28,000) काटकर चोरी कर ले गए। जाते समय आरोपी चौकीदारों के मोबाइल लौटाकर फरार हो गए थे।
पुलिस कार्रवाई व गिरफ्तारी
रिपोर्ट पर थाना बांकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 223/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर पिकअप वाहन के चालक राहुल विश्वकर्मा और कबाड़ दुकान संचालक आकाश साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। डकैती से प्राप्त संपत्ति का निपटान/खरीद-बिक्री में संलिप्त पाए जाने पर मामले में धारा 317(3) व 317(5) बीएनएस की बढ़ोतरी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
* राहुल विश्वकर्मा (उम्र 22 वर्ष), पिता स्व. राजकुमार विश्वकर्मा, निवासी: विनायक पब्लिक स्कूल के पास, बांकीमोंगरा, थाना बांकीमोंगरा, जिला कोरबा (छ.ग.)
* आकाश साहू (उम्र 20 वर्ष), पिता स्व. रंजीत साहू, निवासी: एसईसीएल अस्पताल के पास, बांकीमोंगरा, थाना बांकीमोंगरा, जिला कोरबा (छ.ग.)
जब्त सामग्री
* पिकअप वाहन (क्रमांक CG 12 BJ 6180)
* 01 नग गैस कटर
* 01 नग ऑक्सीजन सिलेंडर
* 02 नग मोबाइल फोन







