रायपुर। छत्तीसगढ़ आज अपना 26वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस मौके पर आज से 3 दिवसीय राज्योत्सव शुरू हो रहा है। छत्तीसगढ़ के छब्बीसवें स्थापना दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय भव्य राज्योत्सव का शुभारंभ नवा रायपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर में हो गया है।
केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया इस तीन दिवसीय उत्सव का उद्घाटन कर रहे हैं, जबकि समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। राज्य के नक्सल-मुक्त हो जाने के बाद यह पहला राज्य-उत्सव है, जिसमें भविष्य के सपनों की नींव रखी जाएगी।
आयोजन के दौरान दर्शकों की संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। प्रशासन ने शहर से आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए छह अलग-अलग मार्ग तय किए हैं। परिसर के आसपास लगभग 40 हजार वाहनों के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था की गई है। दर्शकों की सुगम आवाजाही बनाए रखने तथा मैदान के भीतर भीड़ का दबाव कम करने के उद्देश्य से आयोजन स्थल पर दो विशाल प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। संपूर्ण क्षेत्र में सुचारू यातायात व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखना प्रशासन की मुख्य प्राथमिकता है।
राज्योत्सव में शामिल होने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए आयोजन स्थल पर 300 शौचालयों का निर्माण किया गया है। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए परिसर में 20 बेड का एक अस्पताल, आईसीयू तथा 25 एंबुलेंस तैनात की गई हैं। अग्निशमन दल की गाड़ियां भी सुरक्षा के लिए तैनात हैं। आयोजन स्थल पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सफाई और रोशनी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। विशाल डोम के भीतर दर्शकों के बैठने का प्रबंध किया गया है और लगभग 60 बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, ताकि दूर बैठे दर्शक भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां स्पष्ट देख सकें।







