कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने मां की ममता को तार-तार कर दिया है। यहां एक कलयुगी मां ने अपने ही 14 साल के बेटे को मौत के घाट उतार दिया। इसकी वजह सिर्फ यह थी कि मासूम बेटे ने अपनी मां को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। जब बेटे ने इस नापाक रिश्ते का राज पूरे परिवार और गांव वालों के सामने खोलने की धमकी दी तो खौफजदा मां ने आशिक के साथ मिलकर अपने ही जिगर के टुकड़े का गला घोंट दिया।
अवैध रिश्तों का राज खुलने का खौफ
पुलिस की इब्तिदाई तफ्तीश के मुताबिक महिला का पति गुजरात में रहकर मजदूरी करता है। उसके पीछे गांव में महिला अपने तीन बेटों (14, 11 और 8 साल) के साथ रहती थी। इसी दौरान उसका पास ही रहने वाले एक युवक के साथ अवैध संबंध बन गया। गुरुवार की रात करीब 9 बजे बड़ा बेटा घर से आटा लेने बाहर गया था। मौका पाकर महिला का आशिक घर में दाखिल हो गया। कुछ ही देर बाद जब 14 साल का किशोर वापस लौटा तो उसने मां और पड़ोसी युवक को आपत्तिजनक हालत में रंगे हाथों पकड़ लिया। यह मंजर देखकर बेटे के पैरों तले जमीन खिसक गई और उसने दोनों का सख्त विरोध किया।
शोर मचाया तो आशिक के साथ मिलकर घोंट दिया गला
महिला ने पहले अपने बेटे को चुप कराने और डराने की कोशिश की, लेकिन मासूम नहीं माना। उसने कह दिया कि वह इस पूरी वारदात की हकीकत गांव में ही रहने वाले अपने चाचा को बता देगा। राज खुलने की इस धमकी ने मां और आशिक को खौफ में डाल दिया। किशोर ने जब शोर मचाने की कोशिश की तो मां ने उसका मुंह दबा लिया और आशिक ने उसका गला घोंट दिया। दम घुटने से मौके पर ही मासूम की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद महिला ने कहानी गढ़ी कि आटा लेने से लौटते वक्त बेटे की तबीयत खराब हुई और अस्पताल में उसकी जान चली गई।
प्रेमी की खुदकुशी की कोशिश ने खोला पूरा राज
इस सनसनीखेज वारदात का राज तब खुला जब हत्या के बाद घबराया हुआ प्रेमी अपने घर पहुंचा। जुर्म के खौफ में उसने फंदा लगाकर खुदकुशी करने की कोशिश की। शोर सुनकर पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा और उसे बचा लिया। जब ग्रामीणों ने उससे खुदकुशी की वजह पूछी तो उसने कांपते हुए पूरी खौफनाक सच्चाई बयां कर दी और वहां से फरार हो गया। पुलिस ने जब बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया तो उसके गले और शरीर पर चोट के साफ निशान मिले। गुजरात से लौटे बदहवास पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि विसरा सुरक्षित रख लिया गया है और अगर परिवार की तरफ से तहरीर नहीं मिली, तो पुलिस खुद वादी बनकर इस संगीन जुर्म का मुकदमा दर्ज करेगी।







