भारतीय महिला टीम की दिग्गज बल्लेबाज स्मृति मंधाना इन दिनों शानदार फॉर्म में चल रही हैं। उन्होंने जारी वुमेंस एशिया कप में हांगकांग के खिलाफ मैच में शानदार शतकीय पारी खेली थी। उस मुकाबले में उन्होंने 64 गेंदों में 124 रन की पारी खेलकर कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।
इस एशिया कप में भारतीय महिला टीम का अगला मैच पाकिस्तान के खिलाफ होगा। इस मैच में भी मंधाना के पास एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा। वह अगले मैच में 78 रन बनाते ही वुमेंस T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन जाएंगी।
वुमेंस T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो वहां टॉप पर फिलहाल न्यूजीलैंड की दिग्गज बल्लेबाज सूजी बेट्स का नाम है। उन्होंने अपने करियर में 186 T20I मैचों में 28.33 के औसत से 4758 रन बनाए हैं। वहीं दूसरे नंबर पर स्मृति मंधाना मौजूद हैं। मंधाना ने अब तक T20I में 173 मैचों में 30.79 के औसत से 4681 रन बनाए हैं। अगर मंधाना पाकिस्तान के खिलाफ मैच में 78 रन बनाती हैं तो वह वुमेंस T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन जाएंगी।
हरमनप्रीत कौर तीसरे नंबर पर : वुमेंस T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हरमनप्रीत कौर का नाम है। उन्होंने अपने करियर में अब तक 204 मैचों में 4231 रन बनाए हैं। श्रीलंका की बल्लेबाज चमारी अट्टापट्टू इस मामले में चौथे नंबर पर हैं। उन्होंने अब तक 167 मैचों में 26.58 की औसत से 4094 रन बनाए हैं। न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन का नाम पांचवें नंबर पर है। उनके बल्ले से 158 मैचों में 3817 रन आए हैं।
वुमेंस एशिया कप में अब तक कैसा रहा है मंधाना का प्रदर्शन : वुमेंस एशिया कप 2026 में स्मृति मंधाना के प्रदर्शन की बात करें तो वहां उन्होंने अब तक दो मैच खेले हैं। थाईलैंड के खिलाफ मैच में वह सिर्फ 19 रन बनाकर आउट हो गई थी। वहीं हांगकांग के खिलाफ मुकाबले में वह 124 रन की पारी खेलने में कामयाब रही। मंधाना पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भी इसी फॉर्म को बरकरार रखना चाहेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच ये मुकाबला 5 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।







