Home » रूस-यूक्रेन में ड्रोन वार, सेंट पीटर्सबर्ग में तेल ठिकानों पर लगी आग
दुनिया

रूस-यूक्रेन में ड्रोन वार, सेंट पीटर्सबर्ग में तेल ठिकानों पर लगी आग

मॉस्को। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध में रविवार को बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले हुए। यूक्रेन ने रूस के कई इलाकों में एक हजार से ज्यादा ड्रोन दागे। इस दौरान सेंट पीटर्सबर्ग में तेल निर्यात टर्मिनल और तेल डिपो में आग लग गई।

स्थानीय गवर्नर अलेक्जेंडर बेगलोव के मुताबिक, हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच लोग घायल हुए हैं। यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के रूसी तेल ठिकानों पर हमलों की आलोचना की है और दोनों देशों के बीच ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने की बात कही थी।

रूस के किन ठिकानों को नुकसान पहुंचा? : रविवार को हुए हमलों में सेंट पीटर्सबर्ग के तेल निर्यात टर्मिनल और रुची तेल डिपो में आग लग गई। इसके अलावा, रूसी रिटेल कंपनी ओजोन के लॉजिस्टिक्स सेंटर और टेक कंपनी वीके के डाटा सेंटर को भी निशाना बनाया गया। दोनों कंपनियों ने अपने ठिकानों पर हमले की पुष्टि की है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी सेना ने रूस के 15 क्षेत्रों के साथ-साथ क्रीमिया प्रायद्वीप और काला सागर के ऊपर कुल 1,015 यूक्रेनी ड्रोन नष्ट किए। क्रीमिया यूक्रेन का हिस्सा है, जिस पर रूस ने कब्जा कर रखा है। यह हमला यूक्रेन के अब तक के सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक बताया गया है।
क्या रूस ने भी यूक्रेन पर किया हमला? 
रूस ने यूक्रेन के दक्षिणी शहर जापोरिज्जिया पर दो हमले किए। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक इन हमलों में एक महिला की मौत हो गई और कम से कम दो लोग घायल हुए। घायलों में छह साल की एक बच्ची भी शामिल है। जापोरिज्जिया क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख मायखाइलो सेमिकिन ने बताया कि हमले में दो अपार्टमेंट इमारतों, 18 कारों और एक शैक्षणिक संस्थान को नुकसान पहुंचा।
रविवार के हमलों से जुड़ी अहम बातें :

  • यूक्रेन ने रूस के कई इलाकों में एक हजार से ज्यादा ड्रोन हमले किए। रूस ने 1,015 यूक्रेनी ड्रोन नष्ट करने का दावा किया। सेंट पीटर्सबर्ग के तेल निर्यात टर्मिनल और रुची तेल डिपो में आग लगी। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई और पांच लोग घायल हुए।
  • रूस के हमले में जापोरिज्जिया में एक महिला की मौत हो गई। घायलों में छह साल की बच्ची भी शामिल है। ओजोन के लॉजिस्टिक्स सेंटर और वीके के डेटा सेंटर को भी निशाना बनाया गया। दोनों कंपनियों ने हमले की पुष्टि की।

Search