Home » हरियाणा के यमुनानगर में जिम के बाहर ट्रांसपोर्टर की गोली मारकर हत्या, बदमाशों ने 10 फायर किए
दिल्ली-एनसीआर

हरियाणा के यमुनानगर में जिम के बाहर ट्रांसपोर्टर की गोली मारकर हत्या, बदमाशों ने 10 फायर किए

नईदिल्ली। यमुनानगर शहर के पॉश इलाके मॉडल टाउन में गुरुवार सुबह जिम के बाहर बदमाशों ने ट्रांसपोर्टर हरभजन सिंह की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। बदमाशों ने उन पर 10 से ज्यादा गोलियां चलाईं। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाश बाइक पर सवार थे। हालांकि, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

घटना के बाद शहर में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रेम नगर निवासी हरभजन सिंह की उम्र करीब 62 वर्ष थी। वह ट्रांसपोर्ट और फाइनेंस का काम करते थे। वह नियमित रूप से जिम जाया करते थे। उनका घर जिम से कुछ ही दूरी पर है। गुरुवार सुबह भी वह जिम जाने के लिए घर से निकले थे। जिम के बाहर ही बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। अचानक हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एसपी कमलदीप गोयल पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी हैं। आसपास के लोगों से भी वारदात के बारे में जानकारी ली जा रही है। शहर के प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी गई है।

एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की सभी टीमों को लगा दिया गया है। पॉश इलाके में सुबह हुई इस वारदात से शहर में हडक़ंप मच गया। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच कर रही है।

Search