Home » प्रेम विवाह से नाराज पिता ने कर दी बेटी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश

प्रेम विवाह से नाराज पिता ने कर दी बेटी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

आगरा में प्रेम विवाह व  बेटी के कोर्ट मैरिज करने से नाराज पिता ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। पड़ोसी की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक ने गत फरवरी में नहटौली के रहने वाले सहपाठी आईटीबीपी जवान अमित उर्फ अनिल से प्रेम विवाह किया था।  पुलिस पूछताछ में आरोपी पिता ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए।

पिता ने पुलिस को बताया कि बेटी अंकिता शर्मा जैतपुर के महाविद्यालय से बीए की पढ़ाई कर रही थी। तभी उसके संबंध साथ में पढ़ने वाले नहटोली के अमित उर्फ अनिल से हो गए। दोनों ने 23 फरवरी, 2026 को कोर्ट मैरिज कर ली। इसकी जानकारी अंकिता ने उन्हें नहीं दी। अमित ने पौने दो महीने बाद फेसबुक पर एक पोस्ट किया। इसमें अंकिता के साथ शादी करना बताया।

अंकिता की शादी का परिजनों को पता चला तो उनके होश उड़ गए और इसका विरोध करने लगे। उन्होंने रिश्ता तोड़ने का दबाव बनाया मगर बेटी तैयार नहीं थी। एक ही बात बोलती थी कि जान दे देगी लेकिन अमित से अलग नहीं होगी। उसने प्रेम विवाह किया है। वह बालिग है। अमित पिछले दिनों घर आया था। छुट्टी पूरी होने के बाद चला गया था। इससे विवाद बढ़ गया।

सामने नहीं आए जवान के परिजन :  आईटीबीपी के जवान अमित से अंकिता शर्मा की कोर्ट मैरिज का पड़ोसी दावा कर रहे हैं। अंकिता की हत्या के बाद भी जवान के परिजन सामने नहीं आए हैं। पुलिस ने बताया कि मृतका के पिता को भी नहीं पता है कि किस लड़के से बेटी ने कोर्ट मैरिज की है। अब तक युवक के परिजन भी सामने नहीं आए हैं।

परीक्षा देने जाने से पहले मार डाला :  बताया जा रहा है कि  सोमवार उसे परीक्षा देने के लिए आगरा जाना था। परीक्षा के लिए निकलने से पहले ही उसकी हत्या कर दी गई। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि अंकिता के प्रेम विवाह की जानकारी से पूरा परिवार नाराज था। 

अपनी भैंस और भूसा बेच दिए थे, हत्या की योजना बना चुका था परिवार :  परीक्षा की तैयारी में जुटी अंकिता को मौत के घाट उतारने की तैयारी में परिवार जुटा था। अपना भूसा और भैंस बेच दिए थे। अंकिता के घर से बाहर आने-जाने पर नजर रखने लगे थे। घर में प्रेम विवाह को लेकर विवाद होता था। 

झगड़े पर परिवार के लोगों की आवाजें बस्ती तक सुनाई देती थीं। परिवार के बदले व्यवहार को लेकर पड़ोसी भी सकते में थे मगर किसी को यह आभास नहीं था कि योजना अंकिता को मौत के घाट उतारने की थी।आरोपी पिता को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

Search