ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा की ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित आईएलजीआईएम कंपनी में कल देर रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने का काम होता है। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीमें कई दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
पुलिस के अनुसार सोमवार की मध्यरात्रि में आई एलजी आईएम कंपनी में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही ईकोटेक-3 थाना पुलिस और फायर सर्विस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने की कार्रवाई शुरू कर दी। इसी दौरान कंपनी की एक साइड की दीवार और लोहे का बीम भरभराकर नीचे गिर गया। मलबे की चपेट में फायर सर्विस के मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन अमित कुमार और फायरमैन रोहित यादव आ गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य दमकलकर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को मलबे से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया।







