कोलकाता। पश्चिम बंगाल की स्पेशल टास्क फोर्स ने जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल की गिरफ्तारी के बाद उसकी गर्लफ्रेंड को झारखंड के साहिबगंज से गिरफ्तार कर लिया है।
बर्दवान अदालत ने अर्पिता को 13 दिनों के लिए एसटीएफ की हिरासत में भेज दिया है। हमीम की गर्लफ्रेंड अर्पिता पर अपने प्रेमी और जैश के संदिग्ध गुर्गे मोहम्मद हमीम मंडल के साथ मिलकर जैश-ए-मोहम्मद और आईएसआई समर्थित मॉड्यूल के निर्देशों पर काम करने, वीआईपी नेताओं की निगरानी करने और एक प्रभावशाली मंत्री के बेटे को हनी-ट्रैप में फंसाने में मदद करने का गंभीर आरोप है।
दरअसल, हमीम मंडल की गिरफ्तारी के ठीक एक दिन बाद उसकी गर्लफ्रेंड अर्पिता की गिरफ्तारी हुई। पुलिस ने अर्पिता और हमीम के बीच हुई इंस्टाग्राम चैट के आधार पर यह गिरफ्तारी की है। एसटीएफ के एक अधिकारी ने कहा, उसने हमीम को प्रभावशाली राजनीतिक हस्तियों से संपर्क बनाने और उनकी जानकारी इकट्ठा करने में मदद की। हम डिजिटल सबूतों की जांच कर रहे हैं और उसकी भूमिका की सटीक प्रकृति का पता लगा रहे हैं।







