Home » पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हंगामा, धक्कामुक्की के बाद मची अफरा-तफरी
देश

पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हंगामा, धक्कामुक्की के बाद मची अफरा-तफरी

नई दिल्ली।  दिल्ली में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हंगामे और धक्कामुक्की की घटना सामने आई है। पप्पू यादव हाल ही में संसद परिसर में राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर अनोखे विरोध प्रदर्शन को लेकर भी चर्चा में रहे थे। उस प्रदर्शन में वह भगवा कपड़े पहनकर नजर आए थे और विपक्षी सांसदों के साथ मिलकर राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर नाटकीय प्रदर्शन किया था।

प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने दानपात्र में पैसे डालने और फिर उन्हें जेब में रखने का अभिनय किया था। इसी विरोध को लेकर पप्पू यादव समेत विपक्षी नेताओं पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हुई थी। अब प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनके साथ धक्कामुक्की ने विवाद को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।  पप्पू यादव ने कहा कि उनके हाथ में चाकू था वो मुझे मारने आए थे।

वहीं, बिहार के पूर्णिया में पप्पू यादव ने इस पूरे विवाद और एफआईआर को लेकर कहा, ‘क्या मुझे भगवा पहनने का अधिकार नहीं है? एफआईआर से राहुल गांधी कभी नहीं डरे, प्रियंका गांधी कभी नहीं डरीं, फिर पप्पू यादव कैसे डर जाए? सनातन और भगवान के साथ गद्दारी करने वालों के खिलाफ, सनातन और भारत के लोगों की आस्था की रक्षा करने के लिए अगर पप्पू यादव को मरना होगा, मैं हर दिन कफन बांधकर निकलता हूं। ’ पप्पू यादव के इस बयान के बाद राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर सियासी बयानबाजी और तेज होने के संकेत हैं।

Search

Archives