Home » CWG 2026 : भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू व PM मोदी दी बधाई, उपलब्धियों को देश के लिए बताया गौरवपूर्ण
खेल

CWG 2026 : भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू व PM मोदी दी बधाई, उपलब्धियों को देश के लिए बताया गौरवपूर्ण

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर PM नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी है। दोनों नेताओं ने मुक्केबाजों, पैरा एथलीटों और जूडो खिलाड़ियों की उपलब्धियों को देश के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ग्लास्गो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के शानदार प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने खिलाड़ियों को बधाई दी है। दोनों नेताओं ने मुक्केबाजी, पैरा एथलेटिक्स और जूडो में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे देश के लिए गर्व का विषय हैं। भारत ने अब तक 13 स्वर्ण, 17 रजत और नौ कांस्य समेत कुल 39 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल कर लिया है।

पीएम मोदी ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों को बताया गौरवपूर्ण व प्रेरणादायक

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर अलग-अलग पोस्ट कर पदक विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन देश की बढ़ती खेल क्षमता का प्रतीक है और इससे लाखों युवा प्रेरित होंगे।
  • पुरुष एफ57 शॉटपुट में स्वर्ण जीतने वाले सोमन राणा के लिए प्रधानमंत्री ने लिखा, ‘सोमन राणा ने इतिहास रच दिया। पुरुष एफ57 शॉटपुट स्पर्धा में भारत का पहला कॉमनवेल्थ स्वर्ण जीतने पर उन्हें हार्दिक बधाई। उनका फोकस और अटूट संकल्प पूरे मुकाबले में साफ दिखाई दिया। भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं।’
  • रजत पदक जीतने वाले शुभम जुयाल के लिए उन्होंने कहा, ‘शुभम जुयाल ने पुरुष एफ57 शॉटपुट में रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। उनकी दमदार तकनीक और खेल के प्रति समर्पण सराहनीय है। यह उपलब्धि उन्हें आगे और बड़ी सफलताओं तक ले जाए।’
मुक्केबाजों की जमकर सराहना

  • प्रधानमंत्री ने मुक्केबाजी में स्वर्ण जीतने वाली साक्षी चौधरी, प्रिया घंघास, अरुंधति चौधरी, सचिन सिवाच और अंकुश पंघाल की भी जमकर तारीफ की।
  • साक्षी के लिए उन्होंने कहा, ‘महिला 51 किग्रा वर्ग में शानदार स्वर्ण जीतने पर साक्षी को बधाई। उन्होंने पूरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। मेरी शुभकामनाएं हैं कि वह भविष्य में भी नई ऊंचाइयों को छुएं।’
  • प्रिया घंघास के लिए उन्होंने लिखा, ‘प्रिया घंघास ने महिला 60 किग्रा वर्ग में स्वर्ण जीतकर शानदार कौशल और मजबूत मानसिकता का परिचय दिया। उन्हें हार्दिक बधाई।’
  • अरुंधति चौधरी के लिए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘महिला 70 किग्रा वर्ग में अरुंधति चौधरी ने इतिहास रच दिया। उन्होंने तकनीकी रूप से बेहतरीन प्रदर्शन और आत्मविश्वास के दम पर स्वर्ण पदक जीता।’
  • सचिन सिवाच के लिए उन्होंने लिखा, ‘ग्लास्गो में सचिन सिवाच ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के मुक्केबाजों को प्रेरित करेगी।’
  • इसके अलावा रजत पदक विजेता जादूमणि सिंह, लवलीना बोरगोहेन और नरेंद्र बेरवाल को भी प्रधानमंत्री ने बधाई देते हुए उनके संघर्ष और समर्पण की सराहना की।

मुक्केबाजी में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
भारत ने इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में मुक्केबाजी में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। भारतीय मुक्केबाजों ने कुल 10 पदक जीते, जिनमें सात स्वर्ण और तीन रजत शामिल हैं। यह राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में भारत का अब तक का सबसे सफल मुक्केबाजी अभियान है। वहीं पैरा एथलेटिक्स में भी भारत ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया।

सोमन राणा ने पुरुष एफ57 शॉटपुट में स्वर्ण जीतकर नया इतिहास रचा, जबकि शुभम जुयाल ने रजत पदक जीतकर भारत को इस स्पर्धा में पहली बार एक साथ स्वर्ण और रजत दिलाया। जूडो में भी अस्मिता डे और हर्ष सिंह के स्वर्ण तथा उन्नति शर्मा के कांस्य सहित भारत ने रिकॉर्ड चार पदक अपने नाम किए। भारत अब अंतिम दिन जूडो और ट्रैक साइक्लिंग में पदकों की उम्मीद के साथ 40 से अधिक पदकों के लक्ष्य पर नजर लगाए हुए है।

Search

Archives