सीएम साय ने जताया शोक, पहले नाम पूछा, फिर बरसाईं गोलियां
रायपुर। जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम जिले में शुक्रवार रात आतंकियों ने छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाया। केल्लाम इलाके में ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों पर आतंकियों ने पहचान पूछने के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में 24 वर्षीय दीपक रात्रे की मौके पर मौत हो गई, जबकि 28 वर्षीय भोपिंदर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल मजदूर का इलाज जीएमसी अनंतनाग में जारी है।
पहले पूछा नाम, फिर बरसाईं गोलियां
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 8.30 बजे 3 से 4 राउंड फायरिंग की आवाजें सुनाई दीं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले मजदूरों की पहचान पूछी और नाम जानने के बाद उन पर गोलियां चला दीं।
सुरक्षा बलों का बड़ा सर्च ऑपरेशन
घटना के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। हमलावरों की तलाश में व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दिए सख्त निर्देश
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए डीजीपी और सुरक्षा अधिकारियों से बात की। उन्होंने सुरक्षा बलों को आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन तेज करने और दोषियों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायल मजदूर के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया शोक
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में राज्य के एक श्रमिक की मौत और दूसरे के घायल होने की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही और भरोसा दिलाया कि छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।







