Home » जटगा-पसान मार्ग में हादसा: सड़क पर पानी से भरे गड्ढे में पलटा ऑटो-बाइक सवार गिरा
कोरबा छत्तीसगढ़

जटगा-पसान मार्ग में हादसा: सड़क पर पानी से भरे गड्ढे में पलटा ऑटो-बाइक सवार गिरा

बस हादसा टला, मरम्मत और ठेकेदार पर कार्यवाही की मांग

कोरबा। जिले में कटघोरा से जटगा होते हुए पसान तक जाने वाला मार्ग बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क मरम्मत के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

जानकारी के अनुसार पसान बस स्टैंड के पास एक बाइक सवार पानी से भरे गड्ढे में गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन उसका मोबाइल गड्ढे में गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने मदद कर मोबाइल ढूंढकर उसे वापस सौंप दिया।

सवारियों से भरा ऑटो पलटा, बस हादसा टला

हल्की बारिश के दौरान सवारियों से भरा एक ऑटो गड्ढे में असंतुलित होकर पलट गया। हालांकि इस हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। इसी मार्ग पर कोरबा से पेंड्रा जा रही एक यात्री बस भी गहरे गड्ढे से गुजरते समय पलटने से बाल-बाल बच गई।

15 किलोमीटर सड़क पूरी तरह जर्जर

स्थानीय लोगों के अनुसार जटगा से पसान तक करीब 15 किलोमीटर लंबा मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। इस सड़क से भारी वाहनों का लगातार आवागमन होता है, जिससे सड़क की स्थिति और खराब होती जा रही है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों के लिए खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप

ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सड़क मरम्मत का अनुबंध होने के बावजूद संबंधित ठेकेदार ने काम शुरू नहीं किया है। कई बार शिकायत किए जाने के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली बच्चे, कर्मचारी और मरीज आवागमन करते हैं। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। गड्ढों के कारण वाहनों के पंचर होने, दुर्घटनाएं होने और वाहनों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय नागरिकों ने कलेक्टर और लोक निर्माण विभाग से जटगा-पसान मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

Search

Archives