Home » दलीप ट्रॉफी 2026 : ईस्ट जोन ने 15 सदस्यीय टीम का किया ऐलान, वैभव सूर्यवंशी बने उपकप्तान
खेल

दलीप ट्रॉफी 2026 : ईस्ट जोन ने 15 सदस्यीय टीम का किया ऐलान, वैभव सूर्यवंशी बने उपकप्तान

भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी सफेद गेंद के बाद अब रेड बॉल क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं। महज 15 साल की उम्र में वैभव को ऐसी जिम्मेदारी मिली है, जो उनके बढ़ते कद और शानदार प्रदर्शन की गवाही देती है। आगामी दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए घोषित ईस्ट जोन की टीम में उन्हें उपकप्तान बनाया गया है, जबकि टीम की कमान विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन संभालेंगे।

सीमित ओवरों के क्रिकेट में विस्फोटक बल्लेबाजी से प्रभावित करने वाले इस युवा बल्लेबाज के सामने अब रेड बॉल क्रिकेट में खुद को साबित करने की नई चुनौती होगी। वैभव ने हाल ही में जिम्बाब्वे दौरे पर रनों का अंबार लगाते हुए प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड अपने नाम किया था। इस शानदार प्रदर्शन के चलते वैभव ने ICC T20I  रैंकिंग में 230 स्थानों की छलांग लगाई।

मोहम्मद शमी और मुकेश को भी मिला मौका

ईस्ट जोन ने इस बार अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का बेहतरीन मिश्रण तैयार किया है। कप्तान ईशान किशन के अलावा टीम में मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, अभिमन्यु ईश्वरन, शाहबाज अहमद और अनुकूल रॉय जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं। ऐसे खिलाड़ियों की मौजूदगी वैभव जैसे युवा क्रिकेटर के लिए सीखने का शानदार अवसर होगी। दलीप ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर सिलेक्टर्स की भी पैनी नजर रहती है। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी के पास यह सुनहरा मौका होगा कि वह रेड बॉल क्रिकेट में अपनी क्षमता साबित कर भविष्य में भारतीय टेस्ट टीम के दरवाजे पर भी दस्तक दें।

दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए ईस्ट जोन की टीम: ईशान किशन (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी (उपकप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, सुदीप कुमार घरामी, शाहबाज अहमद, सूरज सिंधु जायसवाल, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, कुमार कुशाग्र, शिखर मोहन, अनुकूल रॉय, विराट सिंह, शुभ्रांशु सेनापति, देनिश दास और अभिजीत सरकार।

Search

Archives