भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल का बल्ला पिछले एक साल से कमाल कर रहा है। दोनों ही फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में भले ही टीम इंडिया को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा लेकिन उसमें गिल का शानदार प्रदर्शन बल्ले से देखने को मिला था।
हालांकि उस सीरीज का आखिरी मुकाबला 19 जुलाई को खेला गया था, जिसके बाद 22 जुलाई को अपडेट हुई आईसीसी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में गिल दूसरे नंबर पर थे, लेकिन अब उन्हें बिना कोई मुकाबला खेले ही फायदा मिला है जिसमें शुभमन गिल अब आईसीसी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर-1 की पोजीशन पर काबिज हो गए हैं जिसमें उन्होंने न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल को उस पोजीशन से हटाया है। वनडे रैंकिंग में टॉप-5 प्लेयर्स में तीन भारतीय खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं।
टेस्ट में अब गिल के पास अपनी रैंकिंग सुधारने का मौका : टीम इंडिया को अब इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी अगली सीरीज टेस्ट फॉर्मेट में खेलनी है जो 15 अगस्त से शुरू हो रहे श्रीलंका के दौरे पर खेली जाने वाली दो मैचों की सीरीज है। इस सीरीज में भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल के पास अपनी रैंकिंग में सुधार करने का शानदार मौका रहने वाला है जिसमें वह अभी 743 रेटिंग प्वाइंट के साथ 7वें नंबर पर हैं। वहीं टॉप-10 में दूसरा नाम यशस्वी जायसवाल का है जो 733 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ 9वें नंबर पर हैं।







