सुरक्षाकर्मियों से सघन पूछताछ जारी
अयोध्या। राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले में शीघ्र ही नई एसआईटी की इंट्री होने जा रही है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद यूपी सरकार ने नई एसआईटी का गठन कर दिया। यह टीम कभी भी अयोध्या पहुंचकर जांच प्रारंभ कर सकती है। टीम में लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस, अयोध्या के डीआईजी सोमेन वर्मा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर हैं।
उधर, सरकार के इस कदम के पहले ही राम मंदिर परिसर में हलचल तेज हो गई है। परिसर के पुलिस उच्चाधिकारी अपने स्तर पर चढ़ावा चोरी के दौरान तैनात रहे पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियों के कर्मियों तथा अधिकारियों से पूछताछ कर रहे हैं। गणना कक्ष के आसपास तैनात रहे सुरक्षाकर्मी इसके केंद्र तो हैं ही, साथ में परिसर के अन्य प्वाइंट पर लगे सुरक्षा कर्मियों से भी पूछताछ हो रही है। कुछ दिन पूर्व शुरू हुआ यह क्रम सतत चल रहा है। पुलिस के सुरक्षा कर्मियों के अतिरिक्त निजी एजेंसियों के सुरक्षा कर्मी इस जांच के दायरे में हैं। जून व जुलाई माह में इन एजेंसियों के जिन सुरक्षा कर्मियों की तैनाती गणना कक्ष या उसके आसपास लगी थी, वह पूछताछ के दायरे में हैं। इसके अतिरिक्त मौजूद समय में तैनात कर्मियों से उनके कामकाज पूछे जा रहे हैं।







