दुर्ग-भिलाई । भिलाई नगर थाना क्षेत्र के सेंट्रल एवेन्यू रोड पर सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का सामने का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इस दुखद हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान दीपक गुप्ता और कौशिक दास के रूप में हुई है। दोनों युवक भिलाई के सेक्टर-6 के रहने वाले थे।
पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता चल सके और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।







