गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा नगर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राय पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग पर कोयले से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी पर सवार पिता पुत्र की मौत हो गई और मां गंभीर रूप से घायल है।
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक सहायता देने के बाद जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान पिता, पुत्र ने दम तोड़ दिया और मां का इलाज चल रहा है। चिकित्सकों ने घायलों की हालत गंभीर बताई है।
जानकारी के अनुसार स्कूटी सवार सभी लोग पेंड्रा के कुडकई गांव के रहने वाले हैं और गांव से पेंड्रा की ओर जा रहे थे । ओवरटेक के दौरान स्कूटी सवार हादसे का शिकार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पेंड्रा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है तो लोगों ने ट्रेलर को शिशु मंदिर के पास रोककर चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।







