फीफा वर्ल्ड कप 2026 में 10 जुलाई से क्वार्टर फाइनल मुकाबलों का आगाज हो गया, जिसमें पहला मैच फ्रांस और मोरक्को की टीम के बीच में बोस्टन स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में दोनों ही टीमें पहले हाफ में कोई भी गोल करने में कामयाब नहीं हो सकी थी, लेकिन इसके बाद दूसरे हाफ में फ्रांस के स्टार खिलाड़ी किलियन एमबापे और डेम्बेल का जादू देखने को मिला। एमबापे और डेम्बेल ने इस मैच में गोल करने के साथ फ्रांस को जहां 2-0 से जीत दिला दी तो वहीं लगातार तीसरी बार विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। अब सेमीफाइनल में फ्रांस की टीम का सामना बेल्जियम और स्पेन की टीम के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले की विजेता टीम से होगा।
एमबापे ने 60वें मिनट तो डेम्बेल ने 66वें मिनट में गोल कर तय की जीत : मुकाबले के दूसरे हाफ का खेल शुरू होने के बाद फ्रांस एकबार फिर से काफी आक्रामक खेलते हुए दिखी जिसमें किलियन एमबापे का आखिरकार जादू देखने को मिला। एमबापे ने खेल के 60वें मिनट में बॉक्स के बाहर से ही शानदार शॉट लगाते हुए गेंद को गोल पोस्ट के अंदर पहुंचा दिया और फ्रांस को 1-0 की बढ़त दिला दी। इस गोल के ठीक 6 मिनट बाद यानी खेल के 66वें मिनट में फ्रांस के डेम्बेल ने गोल करने के साथ 2-0 की जैसे ही बढ़त दिलाई उसी के साथ ही उनकी जीत तय हो गई थी। इस मुकाबले में गोल करने के साथ ही किलियन एमबापे अब गोल्डन बूट की रेस में 8 गोल के साथ पहले नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं वर्ल्ड कप के इतिहास में सर्वाधिक गोल करने के मामले में एमबापे अब सिर्फ मेसी से पीछे हैं, जिसमें एमबापे के नाम 20 गोल तो वहीं मेसी के नाम पर 21 गोल दर्ज हैं।







