Home » फीफा विश्व कप 2026 : अब शुरू होगा क्वार्टर फाइनल राउंड, जानें किससे होगी किसकी भिड़ंत
खेल

फीफा विश्व कप 2026 : अब शुरू होगा क्वार्टर फाइनल राउंड, जानें किससे होगी किसकी भिड़ंत

फीफा विश्व कप 2026 अब अपने निर्णायक चरण में पहुंच चुका है। 48 टीमों के साथ शुरू हुए इस टूर्नामेंट में अब सिर्फ आठ टीमें बची हैं, जिनके बीच विश्व चैंपियन बनने की जंग होगी। 19 जुलाई को न्यूयॉर्क/न्यू जर्सी स्टेडियम में होने वाले फाइनल तक पहुंचने के लिए अब हर मुकाबला करो या मरो का होगा।

इस बार का विश्व कप कई मायनों में ऐतिहासिक रहा है। कुछ दिग्गज टीमों का सफर उम्मीद से पहले खत्म हो गया, वहीं कई टीमों ने इतिहास रचते हुए पहली बार नए मुकाम हासिल किए। क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना, फ्रांस, इंग्लैंड, स्पेन, बेल्जियम, मोरक्को, स्विट्जरलैंड और नॉर्वे जगह बनाने में सफल रहे हैं।  अमेरिका के समयानुसार 9 जुलाई से क्वार्टर फाइनल राउंड की शुरुआत हो रही है। हालांकि, भारत में इस मैच की शुरुआत 10 जुलाई को रात डेढ़ बजे से होगी।

क्वार्टर फाइनल मुकाबले (भारतीय समयानुसार)

मुकाबलातारीखभारतीय समय
फ्रांस vs मोरक्को10 जुलाई
(अमेरिका में
9 जुलाई)
रात 1:30 बजे
स्पेन vs बेल्जियम11 जुलाईरात 12:30 बजे
नॉर्वे vs इंग्लैंड12 जुलाईरात 2:30 बजे
अर्जेंटीना vs स्विट्जरलैंड12 जुलाईसुबह 6:30 बजे

पहली बार क्वार्टर फाइनल से पहले ही बाहर हुए ब्राजील और जर्मनी
विश्व फुटबॉल के दो सबसे बड़े नाम ब्राजील और जर्मनी इस बार क्वार्टर फाइनल तक भी नहीं पहुंच सके। विश्व कप इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब दोनों टीमें एक साथ अंतिम-8 से बाहर हो गई हैं।

जर्मनी पहले भी 1938, 1950, 2018 और 2022 में क्वार्टर फाइनल तक नहीं पहुंच पाया था, जबकि ब्राजील 1934, 1966 और 1990 में इस चरण से पहले बाहर हो चुका था। हालांकि, दोनों दिग्गजों का एक साथ इतनी जल्दी बाहर होना विश्व कप इतिहास में पहली बार देखने को मिला।

2022 की चार टीमें फिर पहुंचीं अंतिम-8 में : कतर विश्व कप 2022 के आठ क्वार्टर फाइनलिस्ट में से चार टीमों ने एक बार फिर अंतिम-8 में जगह बनाई है। इनमें अर्जेंटीना, फ्रांस, इंग्लैंड और मोरक्को शामिल हैं। 2022 में इंग्लैंड को छोड़कर बाकी तीनों टीमों ने क्वार्टर फाइनल पार किया था। अर्जेंटीना और फ्रांस फाइनल तक पहुंचे थे। इस बार भी दोनों टीमें ड्रॉ के अलग-अलग हिस्से में हैं। ऐसे में लगातार दूसरी बार अर्जेंटीना और फ्रांस के बीच फाइनल देखने की संभावना बनी हुई है। इससे पहले 1986 और 1990 में लगातार दो विश्व कप फाइनल में अर्जेंटीना और पश्चिम जर्मनी आमने-सामने आए थे।

Search

Archives