कोरबा-पेंड्रा रूट की ‘जयश्री’ बस जब्त, पसान पुलिस की बड़ी कार्रवाई
कोरबा/पसान। जिले के पसान थाना क्षेत्र में सड़क हादसों और अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरूवार को पसान में पुलिस चेकिंग के दौरान एक बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। पुलिस ने कोरबा से पेंड्रा रूट पर चलने वाली ‘जयश्री’ बस (गाड़ी संख्या सीजी 10 एएस 3194) के चालक को भारी मात्रा में शराब पीकर सवारी वाहन चलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। इसके साथ ही जब बस की डिग्गी की तलाशी ली गई, तो पुलिस भी हैरान रह गई।
चेकिंग के दौरान खुली पोल, डिग्गी में क्रूरतापूर्वक भरी थीं बकरियां
पसान थाना प्रभारी से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में क्षेत्र में लगातार वाहन चेकिंग की जा रही है। आज चेकिंग के दौरान जब कोरबा से पेंड्रा जा रही जयश्री बस को रोककर उसके चालक की जांच की गई, तो पाया गया कि वह अत्यधिक शराब के नशे में था। ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर चालक के शरीर में 169 एमजी अल्कोहल की मात्रा पाई गई, जो तय मानकों से कहीं अधिक है।
इतने भारी नशे में सवारियों से भरी बस को घाटी वाले रास्तों पर चलाना किसी बड़े हादसे को आमंत्रण देने जैसा था। इसके अलावा, जब पुलिस टीम ने बस की डिग्गी को खुलवाकर देखा, तो उसमें अमानवीय तरीके से ठूंसकर रखी गईं 11 नग बकरियां बरामद हुईं, जिनका अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था।
बस जब्त, चालक पर कानूनी शिकंजा
नशे में धुत होकर यात्रियों की जान जोखिम में डालने और अवैध पशु परिवहन करने के मामले में पसान पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 और अवैध परिवहन के नियमों के तहत कार्रवाई की है। नियमों के गंभीर उल्लंघन के चलते बस को तुरंत जब्त कर लिया गया है। आरोपी चालक के खिलाफ वैधानिक कागजी कार्रवाई पूरी कर मामला न्यायालय में पेश किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बस गौरेला पेड्रा मरवाही के बस संघ के जिलाध्यक्ष भरत राजपूत की है।
एक दिन पहले क्रेन चालक पर भी हुई थी कार्रवाई
पसान पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इस कार्रवाई से ठीक एक दिन पहले भी पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक क्रेन चालक को अत्यधिक शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़ा था, जिसके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की गई थी।
थाना प्रभारी की कड़ी अपील: घाटी क्षेत्र है, शराब पीकर वाहन न चलाएं
थाना प्रभारी ने वाहन चालकों को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि “यह पूरा इलाका घाटी (पहाड़ी) क्षेत्र है, जहां दुर्घटनाओं का खतरा बहुत अधिक रहता है। कृपया कोई भी चालक शराब पीकर वाहन न चलाए।” पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले बस संचालकों और चालकों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।







