झारखंड के गिरिडीह और हजारीबाग में प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच हुई झड़प के मामले में तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन मामलों में 28 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 900 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
हजारीबाग में 18 नामजद, 700 अज्ञात पर केस : हजारीबाग सदर डीएसपी रूपक कुमार सिंह ने पीटीआई को बताया कि 21 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला जलाने की कोशिश और पुलिसकर्मियों के साथ कथित मारपीट के मामले में कोरा थाना में 18 नामजद और 700 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि सदर सीओ आशुतोष कुमार के आवेदन के आधार पर यह प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गिरिडीह में दो FIR : गिरिडीह में पहली प्राथमिकी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता अनीश राय के आवेदन पर दर्ज की गई, जबकि दूसरी प्राथमिकी सदर अंचल निरीक्षक (CI) मनोज कुमार सिंह के आवेदन पर दर्ज हुई।
गिरिडीह नगर थाना प्रभारी ने पीटीआई को बताया कि पहली प्राथमिकी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज की गई है। इसमें पार्टी के जिला अध्यक्ष संजय सिंह समेत 11 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 20 लोगों को अज्ञात आरोपी बनाया गया है। दूसरी प्राथमिकी में करीब 10 लोगों को नामजद और 200 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।







