Home » आयरन फैक्ट्री के कंट्रोल रूम में अचानक लगी आग, 3 इंजीनियरों की मौत, एक मजदूर घायल
झारखंड

आयरन फैक्ट्री के कंट्रोल रूम में अचानक लगी आग, 3 इंजीनियरों की मौत, एक मजदूर घायल

रांची। झारखंड के रामगढ़ जिले में स्थित मां छिन्नमस्तिका इस्पात प्लांट में कल देर रात कंट्रोल रूम में भीषण आग लग गई। इस आगजनी की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कल देर रात पतरातू प्रखंड अंतर्गत बरकाकाना ओपी क्षेत्र के हेहल स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट और इस्पात प्राइवेट लिमिटेड नामक स्पंज-आयरन फैक्ट्री में जोरदार धमाके के बाद आग लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।

इस घटना में बुरी तरह झुलसे तीन इंजीनियरों की मौत हो गई। एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर हजारीबाग निवासी तरुण रजवार को उपचार के लिए रांची रोड स्थित द हॉप हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में रांची निवासी फैक्ट्री के शिफ्ट इंचार्ज संजीव कुमार केसरी 50 वर्ष, जगेश्वर बिहार बोकारो निवासी 25 वर्षीय विनीत महतो और गढ़वा निवासी 24 वर्षीय अभिषेक पांडेय शामिल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री के पावर प्लांट साइट में उत्पादन कार्य के दौरान अचानक ब्लास्ट होने के बाद आग लगने के बाद रात्रि पाली में काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए मजदूर इधर भागने लगे।

आग लगने की सूचना पाकर देर रात को फैक्ट्री प्रबंधन के लोग और पुलिस पहुंची। रामगढ़ से पांच दमकल बुलाकर आग पर किसी तरह से काबू पाया गया। घटना की सूचना पाकर सुबह से स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ फैक्ट्री गेट के समक्ष जुटी है। मृतकों के आश्रित को मुआवजा व नौकरी देने की मांग को लेकर फैक्ट्री के गेट को जाम करने की तैयारी में जुटे हैं। इधर फैक्ट्री के पावर प्लांट यूनिट के इंचार्ज अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि प्रबंधन की लापरवाही के कारण प्लांट में ओवरहीटिंग के कारण घटना हुई। बार-बार वहां एसी लगाने को कहा गया था, ताकि टेम्प्रेचर कंट्रोल रहे।

Search

Archives