कोरबा। जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम नेवसा में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक गांव की पानी टंकी पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। युवक ने पुलिस पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम नेवसा निवासी रफीक मोहम्मद और दीपेश निर्मलकर ने हरदीबाजार थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों का कहना है कि मंगलवार को उन्हें ग्राम सिरली के पास से पकड़क़र थाने ले जाया गया, जहां उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और प्रताड़ित किया गया। नाराज रफीक मोहम्मद गुरुवार सुबह गांव की पानी टंकी पर चढ़ गया। तेज बारिश के बीच भी वह टंकी से नीचे उतरने को तैयार नहीं था और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विरोध जताते हुए न्याय की मांग कर रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए, वहीं मामले में हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि दोनों युवक क्षेत्र में जुआ फड़ संचालित करने की गतिविधियों में शामिल थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें पकड़क़र धारा 151 के तहत वैधानिक कार्रवाई की थी।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी के खिलाफ जुए से संबंधित शिकायत थी तो भी उसके साथ कथित रूप से लाठी और बेल्ट से मारपीट करना उचित नहीं है। घटना की सूचना मिलने पर नए तहसीलदार विमल खांडेकर और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश जारी रखी गई।







