Home » मोहरा की ये सुपरहिट तिकड़ी एक बार फिर स्क्रीन शेयर करते आएंगे नजर, फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
मनोरंजन

मोहरा की ये सुपरहिट तिकड़ी एक बार फिर स्क्रीन शेयर करते आएंगे नजर, फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में होगी रिलीज

रवीना टंडन इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म वेलकम टू जंगल का इंतजार कर रही हैं। इस फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी हो गई है और आज यानी 11 जून को इसका ट्रेलर भी रिलीज होने वाला है। इससे पहले रवीना ने अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी संग खास अंदाज में पोज देते हुए फोटो भी शेयर की है।

इस फोटो के साथ रवीना ने अपनी 32 साल पुरानी फिल्म को भी याद किया है जिसमें अक्षय और सुनील शेट्टी ही हीरो थे। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थी। लेकिन खास बात ये है कि ये फिल्म पहले दिव्या भारती को मिली थी। लेकिन उनकी अचानक मौत के बाद ये फिल्म रवीना टंडन के पास आई और सुपरहिट रही थी।

दिव्या भारती के बाद मिली थी फिल्म :  डायरेक्टर राजीव रवि की फिल्म मोहरा साल 1994 में रिलीज हुई थी और आज 32 साल का सफर तय कर चुकी है। लेकिन आज भी लोग इस फिल्म की कहानी को पसंद करते हैं। लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि ये फिल्म पहले दिव्या भारती को ऑफर की गई थी। दिव्या ने इस फिल्म का ऑफर एक्सेप्ट भी कर लिया था। लेकिन 1993 में दिव्या भारती की अचानक मौत हो गई और ये किरदार रवीना की झोली में आ गिरा। इस फिल्म में सुनील शेट्टी और अक्षय कुमार भी लीड रोल में नजर आए थे। ये फिल्म न केवल सुपरहिट रही थी बल्कि इसके गानों ने भी धूम मचाई थी। बॉक्स ऑफिस इंडिया के आंकड़ों की मानें तो मोहरा 3 करोड़ 75 लाख रुपयों के बजट से बनी थी और इसने 22 करोड़ रुपयों से ज्यादा की कमाई की थी।

अब 32 साल बाद फिर जमेगी जोड़ी :  अब मोहरा की ये सुपरहिट तिकड़ी एक बार फिर स्क्रीन शेयर करती नजर आने वाली है। फिल्म वेलकम टू जंगल में 30 से ज्यादा दिग्गज स्टार्स को फिल्म में कास्ट किया गया है। साथ ही अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी और रवीना टंडन भी रंग जमाती दिखने वाली है। फिल्म का आज यानी 11 जून को ट्रेलर लॉन्च होने वाला है। ये फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वेलकम टू जंगल को अहमद खान डायरेक्ट कर रहे हैं। साथ ही इसमें एक लंबी चौंड़ी स्टारकास्ट देखने को मिलने वाली है।

Search

Archives