Home » बंद कमरे से 4 शव मिलने से सनसनी, मां-बाप और बेटी की हत्या, जांच में जुटी पुलिस
उत्तर प्रदेश

बंद कमरे से 4 शव मिलने से सनसनी, मां-बाप और बेटी की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

प्रयागराज। शहर के साउथ मलाका स्थित हिवेट रोड पर एक मकान से कारोबारी वीरेंद्र वैश्य, उनकी पत्नी और अविवाहित बेटी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। साथ ही पुलिस को ग्राउंड फ्लोर की एक बंद दुकान से अज्ञात शव भी मिला है। घर का दरवाजा बाहर से बंद था।

कमरे से दुर्गंध आने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। 4 लाश बरामद की गई। मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची है। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। हालांकि इसे हत्या का मामला माना जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

दुर्गंध आने पर पुलिस को दी सूचना :  दरअसल, प्रयागराज के कोतवाली के साउथ मलाका चौराहे पर 4 लोगों का शव उनके घर में मिला है। जानकारी के मुताबिक लाशें कई दिन पुरानी बताई जा रही हैं। मंगलवार को दोपहर में जब शवों से दुर्गंध उठने लगी तो आस-पास के लोगों को कुछ शक हुआ। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को बुलाया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दरवाजा तोड़ा। पुलिस ने देखा तो कमरे में वीरेंद्र वैश्य, उनकी पत्नी और उनकी बेटी मीनाक्षी की लाश अलग-अलग पड़ी मिली। तीनों के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। एक अज्ञात शव  भी बरामद हुआ है। फिलहाल फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगर प्रिंट सहित कई क्लू जुटाये हैं। पुलिस हत्या की आशंका को गंभीरता से लेकर जांच कर रही है।

लापता बेटे पर टिकी जांच :  पड़ोसियों के अनुसार मृतक वीरेंद्र वैश्य का इकलौता बेटा अभिषेक वैश्य पिछले तीन-चार दिनों से दिखाई नहीं दिया है। अभिषेक फ्लोर क्लीनिंग के व्यवसाय से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस अब अभिषेक की तलाश में जुटी है और उसकी भूमिका समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही हैं।

अज्ञात शव भी बरामद :  वहीं घर से परिवार के तीन शव मिलने के बाद पुलिस को घटनास्थल से ग्राउंड फ्लोर की बंद दुकान से एक डेड बॉडी और मिली है जिसकी शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस शिनाख्त में जुटी है।

Search