भोपाल। त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत केस में पूर्व जज गिरिबाला सिंह को सीबीआई ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई टीम गुरुवार सुबह को उनके भोपाल स्थित घर पहुंची थी। उनसे करीब छह घंटे की लंबी पूछताछ की गई। शाम के समय उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
यह कार्रवाई मध्यप्रदेश हाईकोर्ट द्वारा एक दिन पहले गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द किए जाने के बाद की गई। त्विषा शर्मा की 12 मई को भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उनकी शादी 9 दिसंबर 2025 को समर्थ सिंह से हुई थी।
गिरिबाला सिंह ने घटना के दो दिन बाद भोपाल जिला अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। 10वें अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने 15 मई को उनकी उम्र और मृतका को किए गए पैसों के ट्रांसफर का हवाला देते हुए जमानत दे दी थी। हालांकि, हाईकोर्ट ने बुधवार को 17 पन्नों के आदेश में इस जमानत को निरस्त कर दिया।
हाईकोर्ट ने कहा कि गवाहों के बयान, व्हाट्सएप चैट्स और रिकार्ड पर मौजूद होने से गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह पर प्रताड़ना और गर्भपात के लिए दबाव बनाने के गंभीर आरोप सामने आते हैं।







