राजस्थान विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं लें रहा है। विधानसभा की आधिकारिक ईमेल आईडी पर आज सोमवार को एक बार फिर धमकी भरा ईमेल आने से हड़कंप मच गया। जानकारी मिलने पर ज्योति नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने चप्पे-चप्पे की तलाशी ली।
सुबह आया ईमेल, ऑफिस खुलते ही हड़कंप : विधानसभा के उपनिदेशक (जनसंपर्क) डॉ. लोकेश शर्मा ने बताया कि आज सोमवार सुबह करीब 5:43 बजे विधानसभा की ईमेल आईडी पर यह मेल आया था। जिसमें विधानसभा में सिलिकॉन और आरडीएक्स प्लांट करने की धमकी दी गई। इस ईमेल में सभी वीआईपी को बाहर निकालने और बम फटने की बात भी कही गई है। उन्होंने बताया कि विधानसभा कार्यालय खुलने पर इस मेल के बारे में जानकारी मिली और तत्काल पुलिस को इस बारे में जानकारी दी गई।
इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। एहतियात के तौर पर पूरे विधानसभा परिसर को खाली कराया गया और वहां मौजूद कर्मचारियों, अधिकारियों व अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता बीडीएस, एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस), दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीमें पहुंचीं। सभी एजेंसियों ने मिलकर परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। हर संदिग्ध वस्तु और स्थान की बारीकी से जांच की गई। हालांकि, जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
गौरतलब है कि यह तीसरी बार है जब विधानसभा को इस तरह की धमकी मिली है। इससे पहले भी दो बार ईमेल के जरिए बम धमाके की चेतावनी दी जा चुकी है, हालांकि उन मामलों में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी। लगातार मिल रही इन धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
इस बार धमकी ऐसे दिन आई है जब भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहली बार राजस्थान दौरे पर हैं। उनके कार्यक्रमों के बीच इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है।
पुलिस और साइबर सेल की टीमें ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई हैं। तकनीकी जांच के जरिए मेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







