जैसलमेर में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। शहर के गड़ीसर चौराहे के पास एयर कंडीशनर रिपेयरिंग कार्य में इस्तेमाल होने वाला R-32 गैस सिलेंडर अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना भयावह था कि बाइक पर बैठे युवक का शरीर कई फीट ऊपर उछलकर सड़क पर गिरा। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
इस हादसे में एसी मैकेनिक चन्द्रप्रकाश माली गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ मौजूद साथी सवाईराम बाल-बाल बच गया। पूरी घटना आसपास लगी एक इमारत के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
औजार लेने उतरा साथी, तभी हुआ धमाका : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चन्द्रप्रकाश माली अपने साथी सवाईराम के साथ बाइक पर एसी रिपेयरिंग कार्य के लिए जा रहा था। बाइक पर पीछे की ओर R-32 गैस से भरा सिलेंडर रखा हुआ था। दोनों जैसे ही जयनारायण व्यास कॉलोनी क्षेत्र में पहुंचे, सवाईराम कुछ औजार लेने के लिए बाइक से नीचे उतरा। उसी दौरान बाइक पर रखे सिलेंडर में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि कुछ सेकंड के लिए पूरा इलाका धुएं से भर गया। चन्द्रप्रकाश जोरदार झटके के साथ हवा में उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और अचेत हो गया। आसपास खड़े लोग पहले तो कुछ समझ ही नहीं पाए, लेकिन जब धुआं छंटा तो युवक गंभीर हालत में सड़क पर पड़ा मिला।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता : हादसे के तुरंत बाद स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे और घायल युवक को संभालकर तुरंत राजकीय जवाहिर चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार युवक को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जोधपुर रेफर कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि विस्फोट का प्रभाव बेहद तेज था, जिससे शरीर के अंदरूनी अंगों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। फिलहाल युवक का इलाज जारी है।
CCTV फुटेज से खुली हादसे की पूरी कहानी : घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू इसका सीसीटीवी फुटेज है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बाइक सामान्य रूप से सड़क किनारे खड़ी थी और चन्द्रप्रकाश बाइक पर बैठा हुआ था। तभी अचानक सिलेंडर विस्फोट करता है और जोरदार धमाके के साथ धुएं का गुबार उठता है। विस्फोट के बाद युवक कई फीट दूर जा गिरता है।







