Home » टाइगर ‘गणेश’ को सामने देख उड़ गए श्रद्धालुओं के होश, सूचना मिलते ही सुरक्षा में जुटा वन विभाग
राजस्थान

टाइगर ‘गणेश’ को सामने देख उड़ गए श्रद्धालुओं के होश, सूचना मिलते ही सुरक्षा में जुटा वन विभाग

राजस्थान/सवाई माधोपुर।  सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर टाइगर रिजर्व के त्रिनेत्र गणेश परिक्रमा मार्ग पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्रद्धालुओं को अचानक टाइगर टी-120 गणेश चहलकदमी करता नजर आया। टाइगर को सामने देखकर श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और लोग कुछ देर के लिए सहम गए।

जैसे ही वन विभाग को परिक्रमा मार्ग पर टाइगर की मौजूदगी की सूचना मिली, वनकर्मियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और टाइगर की ट्रैकिंग व मॉनिटरिंग शुरू कर दी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने करीब एक से डेढ़ घंटे तक परिक्रमा मार्ग को बंद कर दिया। इस दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो सके।

करीब एक घंटे तक टाइगर टी-120 परिक्रमा मार्ग और आसपास के क्षेत्र में घूमता रहा। श्रद्धालु भी टाइगर के जंगल की ओर लौटने का इंतजार करते रहे। बाद में जब टाइगर जंगल की ओर चला गया, तब वन विभाग ने सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने के बाद परिक्रमा मार्ग को दोबारा श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने त्रिनेत्र गणेश की परिक्रमा पूरी की।

गौरतलब है कि त्रिनेत्र गणेश मंदिर का परिक्रमा मार्ग रणथंभौर के जंगल क्षेत्र से होकर गुजरता है, जहां बाघों का मूवमेंट अक्सर बना रहता है। खासकर बुधवार को यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है, ऐसे में वन विभाग के सामने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और टाइगर मॉनिटरिंग की दोहरी चुनौती रहती है।

वन विभाग की सतर्कता के चलते इस पूरे घटनाक्रम में किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। हालांकि टाइगर की मौजूदगी ने श्रद्धालुओं के बीच कुछ समय के लिए दहशत का माहौल जरूर बना दिया।

Search

Archives