Home » एटीएम में मदद के बहाने ठगी… दो युवकों ने बुजुर्ग महिला के खाते से उड़ाए 30 हजार
छत्तीसगढ़

एटीएम में मदद के बहाने ठगी… दो युवकों ने बुजुर्ग महिला के खाते से उड़ाए 30 हजार

बिलासपुर। शहर में एटीएम ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां मदद के बहाने दो अज्ञात युवकों ने एक बुजुर्ग महिला के खाते से 30 हजार रूपये निकाल लिए। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मुंगेली नाका स्थित एसबीआई एटीएम की है। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 3(5) एवं 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया उषा राठौर 61 वर्ष निवासी नेहरू नगर 23 अप्रैल की शाम करीब 4.30 बजे मुंगेली नाका स्थित एसबीआई एटीएम पहुंची। उन्होंने पहले अपने खाते से 10 हजार रूपये निकाले, लेकिन इसके बाद उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। इसी दौरान वहां मौजूद दो अज्ञात युवक मदद के बहाने उनके पास आए और उन्हें कस्टमर केयर में कॉल करने की बात कहकर गुमराह करने लगे।

प्रार्थिया के अनुसार आरोपियों ने बातचीत के दौरान उनकी जानकारी का दुरूपयोग करते हुए सरकंडा स्थित एटीएम से अलग-अलग समय कुल 30 हजार रूपये तीन बार में निकाल लिए। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने तत्काल अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया। उषा राठौर ने बताया कि आरोपियों की संख्या 2 से 3 थी, जो गोरे रंग और लंबे कद के थे। उन्होंने चेहरे पर कोई कपड़ा नहीं बांधा था। घटना के बाद प्रार्थिया ने क्राइम ब्रांच और संबंधित बैंक में भी लिखित शिकायत दर्ज कराई है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला पंजीबद्ध कर लिया है और एटीएम कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि एटीएम में किसी अनजान व्यक्ति की मदद लेने से बचे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।

Search

Archives