IPL 2026 के 18वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को अपनी सीजन की पहली जीत नसीब हुई। चेन्नई ने संजू सैमसन के धमाकेदार शतक के दम पर दिल्ली को 23 रनों से मात दी।
IPL 2026 में शनिवार यानी 11 अप्रैल को चेपॉक के मैदान पर खेले गए मुकाबले में जहां चेन्नई सुपर किंग्स ने आखिरकार अपनी पहली जीत दर्ज की, वहीं इस मैच का एक विवादित पल भी सुर्खियों में रहा। दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स को ग्लव्स बदलने की अनुमति नहीं मिलने पर मैदान पर जमकर बहस देखने को मिली।
विवाद ने खींचा सबका ध्यान : इस मैच के दौरान सबसे बड़ा विवाद उस समय हुआ जब दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स ने बल्लेबाजी के दौरान ग्लव्स बदलने की मांग की। चेन्नई की गर्मी और उमस के बीच स्टब्स पसीने से तर-बतर थे और यह बदलाव उनके लिए बेहद जरूरी था। लेकिन ऑन-फील्ड अंपायरों ने खेल में देरी का हवाला देते हुए उनकी यह मांग ठुकरा दी।
इसके तुरंत बाद अगली ही गेंद पर स्टब्स आउट हो गए, जिससे वह काफी निराश नजर आए। स्टब्स के आउट होते ही दिल्ली के खेमे में गुस्सा फूट पड़ा। नितीश राणा बाउंड्री अंपायर से बहस करते दिखे, जबकि स्टब्स खुद भी काफी नाराज नजर आए। पवेलियन लौटते समय उन्होंने फोर्थ अंपायर से तीखी बातचीत की और गुस्से में अपना हेलमेट पटक दिया।
What's wrong with changing gloves when a DRS is happening @IPL
Stubbs got out for the inconvenience created by the umpire.#IndianPremierLeague #CSKVSDC pic.twitter.com/gsw1RUnf15— SAI MONISH REDDY (@SAIMONISHREDDY) April 11, 2026
मैच के बाद भी चर्चा जारी
यह घटना मैच के बाद भी चर्चा का विषय बनी रही। फैंस ने सवाल उठाए कि क्या अंपायरों को ऐसे हालात में खिलाड़ियों को राहत देनी चाहिए थी। हालांकि, नियमों के मुताबिक अंपायर खेल में अनावश्यक देरी को रोकने के लिए ऐसे फैसले ले सकते हैं, लेकिन इस मामले ने खेल भावना और परिस्थितियों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।







