अमित शाह ने कहा कि बंगाल में घुसपैठ पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू की जाएगी और सुरक्षा सुनिश्चित होगी
महिलाओं के लिए प्रतिमाह 3 हजार रुपये की आर्थिक सहायता और पुलिस बल में 30% आरक्षण का वादा शामिल है
कोलकाता। शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल के दौरे में है। इस दौरान वह विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का घोषणापत्र जारी कर रहे हैं। अमित शाह ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी का घोषणापत्र जारी करते हुए इसे ‘भरोसे का पत्र’ बताया।
अमित शाह बोले- हर वर्ग के विकास का रोडमैप
उन्होंने कहा कि यह संकल्प पत्र राज्य के हर वर्ग की उम्मीदों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है और मौजूदा निराशा के माहौल से बाहर निकलने का रास्ता दिखाएगा। अमित शाह के अनुसार, इस घोषणापत्र में किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए विशेष योजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में आ रही चुनौतियों से जूझ रहे किसानों को इससे नई दिशा मिलेगी, जबकि युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण पर भी खास जोर दिया गया है। इसके साथ ही बंगाल की सांस्कृतिक पहचान और गौरव को पुर्नस्थापित करने की बात भी इसमें प्रमुख रूप से शामिल है।
महिलाओं और सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ा ऐलान
इसके अलावा अमित शाह ने सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सभी सरकारी कर्मचारियों और वेतनभोगियों के लिए डीए सुनिश्चित किया जाएगा और 45 दिनों के भीतर ही सातवें वेतन आयोग और आयुष्मान भारत समेत भारत सरकार की सभी योजनाओं को लागू करेंगे। साथ ही छह माह के अंदर ही यूसीसी भी लागू करेंगे। महिलाओं के लिए ऐलान करते हुए कहा कि हमारी सरकार ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना के लाभार्थियों को हर महीने 1 से 5 तारीख तक खाते में 3 हजार रुपए ट्रांसफर करेगी।







